औद्योगिक क्षेत्र में तीन घंटे की बारिश बनी आफत,कामगार और यात्री हुए परेशान
बारिश ने क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था खोली पोल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बारिश ने बद्दी-नालागढ़ फोरलेन समेत बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र में हुई करीब तीन घंटे की मूसलाधार बारिश के कारण बद्दी-नालागढ़ फोरलेन समेत बद्दी-बरोटीवाला और बद्दी-साई मार्ग पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गए। सड़कों पर जलभराव इस कदर था कि कई कारें आधे से ज्यादा पानी में डूब गईं, जिसके चलते भुड्ड, मलपुर, ट्रक यूनियन और रेड लाइट चौक पर वाहनों के पहिये थम गए और मीलों लंबा जाम लग गया। सड़क किनारे नालियां न होने और जो थीं उनके जाम होने के कारण पहाड़ियों से उतरा पानी सीधे फोरलेन पर जमा हो गया। इस चक्काजाम के कारण उद्योगों में शिफ्ट के लिए जा रहे कामगार समय पर ड्यूटी नहीं पहुंच सके, वहीं आम यात्रियों को भी घंटों पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा।
अधूरे फोरलेन ने बढ़ाई आफत, स्थानीय लोगों में रोष
मलपुर के स्थानीय निवासी व कामगार नेता मेला राम चंदेल, कैप्टन डीआर चंदेल और देवव्रत यादव ने रोष जताते हुए कहा कि फोरलेन का काम अधूरा पड़ा है और इसके साथ नालियों का निर्माण नहीं किया गया है। इसके चलते पहाड़ियों का सारा पानी सड़क पर आ जाता है। भुड्ड और मलपुर में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
जेसीबी से निकाला पानी, जल्द होंगे टेंडर : एनएचएआई
सूचना मिलते ही बद्दी, मलपुर और भुड्ड में तुरंत जेसीबी मशीनें भेजकर पानी की निकासी करवाई गई, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही नालियों का टेंडर लगाया जा रहा है, जिसके बाद प्रोजेक्ट के तहत पक्की नालियां तैयार कर दी जाएंगी।
-अशोक खान, प्रोजेक्ट प्रभारी, एनएचएआई
बद्दी के मलपुर के समीप सड़क पर जमा हुआ बारिश का पानी- संवाद।
बद्दी के मलपुर के समीप सड़क पर जमा हुआ बारिश का पानी- संवाद।