गाड़ियों को पहुंचा नुकसान, सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ हादसा
पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत मामला किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन रबौण क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे पार्क की गई चार गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ और गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक चालक बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए आता है और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को रौंदते हुए निकल जाता है। सुबह जब पीड़ितों ने अपनी गाड़ियों की हालत देखी, तो तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पीड़ितों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर ट्रक के नंबर और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।