सरकार की तरफ से लगाए हैंडपंप पर एक व्यक्ति ने अपनी निजी मोटर फिट कर दी।
- फोटो : demo pic
लोगों की सुविधा के लिए सरकार की तरफ से लगाए हैंडपंप पर एक व्यक्ति ने अपनी निजी मोटर फिट कर दी। हैरत इस बात की है कि अभी तक इस मामले को लेकर सभी तमाशबीन बने रहे। लोगों का कहना है कि उन्होंने पंचायत को भी इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामला उपमंडल नालागढ़ की बदौखर पंचायत के गांव कटल चंगर का है।
हैंडपंप पर मोटर लगने के बाद से दो दर्जन परिवारों को पीने का पानी नहीं मिल रहा। हालांकि अब आईपीएच नोटिस जारी कर मोटर हटवाने की बात कह रहा है लेकिन लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। लोगों के मुताबिक यहां लगे सरकारी हैंडपंप पर एक व्यक्ति ने अपनी निजी मोटर लगा दी। लोगों का आरोप है कि इस कारण उन्हें पानी की सप्लाई नहीं मिल रही। आईपीएच विभाग भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
विभाग के इस लापरवाह पूर्ण रवैये को देखते हुए ग्रामीणों ने अब विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। स्थानीय लोगों कर्मचंद, देवराज, प्रेम, रोशन, रामकरण, रामेश्वरी देवी, मनीषा देवी, चैन सिंह और व्यासा देवी ने संबंधित विभाग को दी शिकायत में बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी हैंडपंप पर मोटर लगा रखी है। वह अन्य लोगों को हैंडपंप से पानी नहीं भरने दे रहा। इसके चलते गांव के दो दर्जन से अधिक परिवार पेयजल के लिए इधर उधर भटक रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वह पंचायत के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवा चुके हैं लेकिन पंचायत ने कोई एक्शन नहीं लिया। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत आईपीएच विभाग और प्रशासन को भी भेजी है। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर सरकारी हैंडपंप से मोटर नहीं हटाई तो सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
कहा है मोटर हटाने को : एसडीओ
आईपीएच विभाग रामशहर के एसडीओ पुनीत शर्मा ने बताया कि विभाग के पास ग्रामीणों की शिकायत आई है। संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजकर मोटर हटाने के लिए कहा है। सोमवार को पंचायत प्रधान के साथ आईपीएच विभाग के अधिकारी मौके का मुआयना करेंगे।