नालागढ़-ढेरोंवाल मार्ग पर बेरसन गांव में समीप हुआ हादसा
सभी घायलों की हालत नाजुक, पीजीआई किए रेफर
पुलिस ने किया चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़-ढेरोंवाल मार्ग पर बेरसन गांव के समीप दो बाइकों के आपस में टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को पहले नालागढ़ अस्पताल लाया गया लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। मृतक रोहित कुमार (37) पुत्र यशपाल पंजाब के रोपड़ जिले के तहसील आनंदपुर साहिब के गंगुवाल गांव का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह यह हादसा सैणी माजरा के साथ लगते बेरसन गांव में एलएसआई कंपनी के समीप हुआ। इस दौरान रामलाल बाइक लेकर आ रहा था और उसके पीछे जीत कौर व रणजीत कौर सवार थीं। बेरसन गांव के समीप दूसरी ओर से आ रही एक बाइक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिससे रामलाल, रणजीत कौर व जीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रोहित अचेत हो गया। सभी को नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। रामलाल, रणजीत कौर व जीत कौर की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते बताया कि पुलिस ने रामलाल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।