स्तनपान करवाने वाली माता के घर जाकर निरीक्षण करती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता। स्रोत : विभाग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्तनपान का बताया महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती और धातृ महिलाओं के घर पहुंचकर उन्हें शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व और पोषण संबंधी जानकारी दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को शिशु को स्तनपान कराने के सही तरीकों के साथ मां और बच्चे के स्वास्थ्य पर इसके होने वाले लाभों के बारे में बताया। उन्होंने घर-घर जाकर माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य का आकलन भी किया। इस दौरान शिशु के जन्म के समय के वजन को दर्ज कर उसके विकास की जानकारी तैयार की गई।
कम वजन वाले शिशुओं की माताओं को बेहतर पोषण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। इसके अलावा माताओं को शिशुओं की देखभाल के तरीके बताए गए। इनमें स्वच्छता, पर्याप्त गर्माहट और संवेदनशील देखभाल से संबंधित जरूरी बातें शामिल रहीं।
अभियान के दौरान जिन माताओं को स्तनपान कराने में परेशानी आ रही है, उनकी सूची भी तैयार की गई। ऐसी महिलाओं को अस्पताल जाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह लेने के लिए कहा गया, ताकि स्तनपान से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।