देवरा पंचायत के जखोली में मां दुर्गा अष्टमी मेले में विधायक हुए शामिल
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में जनसमस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी की मजबूती में प्रदेश का संपूर्ण विकास निहित है। वे रविवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की देवरा पंचायत के जखोली में दो दिवसीय मां दुर्गा अष्टमी मेला समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जनसमस्याएं भी सुनीं।
अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में किसानों, बागवानों और दुग्ध उत्पादकों को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने वाली योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की सभी 78 पंचायतों के समग्र विकास के लिए नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इससे पहले उन्होंने जखोली स्थित मां भद्रकाली सिद्धपीठ में पूजा-अर्चना की।
विधायक ने बताया कि देवरा पंचायत में विकास कार्यों पर करीब 42 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मंज्याट-पाटी देवरा-पपलोटा मार्ग के निर्माण कार्य पर 7.70 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। जखोली संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए 15 लाख रुपये और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याट में परीक्षा भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।
विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणाएं
अवस्थी ने सामुदायिक भवन जखोली के लिए दो लाख रुपये और खालसा पाटी सामुदायिक भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। देवरा के मोक्षधाम के लिए एक लाख रुपये और जखोली मोक्षधाम संपर्क मार्ग के लिए 1.50 लाख रुपये देने की बात कही। मंज्याट गांव में फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए सुरक्षा जाली लगाने को दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने युवक मंडल को क्रिकेट किट देने, आयोजक समिति को 21 हजार रुपये प्रदान करने और श्री हनुमान मंदिर से मां भद्रकाली मंदिर जखोली तक 10 सोलर लाइट लगाने की बात कही। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले तीनों स्कूलों के विद्यार्थियों को 2,100-2,100 रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर क्षेत्र की लोक संस्कृति की झलक पेश की।