परियोजना अधिकारी ने सभी शिक्षा खंडों से मांगी स्कूलों की सूची
खेल सामग्री, डेस्क और कुर्सियों के साथ कक्षाओं की दीवारों पर होगी पेंटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के प्री-प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्नों को जल्द बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। कमरों और फर्नीचर की कमी से जूझ रहे इन स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी की जा रही है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत बच्चों की संख्या बढ़ाने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है।
इसके तहत सभी शिक्षा खंडों से ऐसे स्कूलों की सूची मांगी गई है, जहां प्री-प्राइमरी कक्षाएं तो चल रही हैं, लेकिन कमरों का अभाव है या उपलब्ध कमरे बहुत छोटे हैं। जिले के कई स्कूलों में जगह की कमी के कारण बच्चों के बैठने के लिए उचित फर्नीचर और खेल सामग्री रखने में परेशानी हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए नए कमरों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों को स्मार्ट और बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि खेल-खेल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा सके। खंड प्रभारियों को ऐसे स्कूलों की सूची तैयार कर तुरंत परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा सोलन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद कमरों के निर्माण और अन्य सुविधाओं के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर उच्च निदेशालय को भेजा जाएगा।
योजना के तहत नए कमरों और फर्नीचर के अलावा कक्षाओं को आकर्षक बनाया जाएगा। दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई जाएंगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़े। इसके साथ ही मनोरंजन और शारीरिक विकास के लिए स्कूलों में झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी।
कोट
स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ भवनों का भी चहुंमुखी विकास किया जाएगा। सभी शिक्षा खंडों से कमरों और फर्नीचर की कमी वाले स्कूलों की सूची मांगी गई है। जहां भी कमरों या फर्नीचर का अभाव पाया जाएगा, वहां के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। - डॉ. राजेंद्र वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा, सोलन।