नालागढके पुराने सब्जी मंडी के समीप नगर परिषद की नाले का रिपेयर का कार्य कराते हुए- संवाद।
एक लाख रुपये में चैंबर व नाला किया जाएगा तैयार
लोहे की जाली लगने से अब दुकानों में नहीं जाएगा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। शहर के पुराने बस अड्डे के समीप बाजार जाने वाले मुख्य रास्ते पर टूटे चैंबर की समस्या का समाधान हो गया है। अमर उजाला के कॉलम मेरी आवाज सुनो में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया और सोमवार से यहां मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। पुराने बस स्टैंड के पास काफी समय से चैंबर टूटा हुआ था, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही थी और हादसे का डर बना रहता था। जागरूक पाठक शुभम ठाकुर ने इस समस्या को फोटो सहित अमर उजाला को भेजा था। समाचार प्रकाशित होते ही नप प्रशासन ने संज्ञान लिया और कार्य के लिए करीब एक लाख रुपये की राशि जारी कर दी। नगर परिषद अध्यक्ष वंदना बंसल ने बताया कि यह लोगों की लंबे समय से मांग थी। अब यहां नाले को पक्का कर उसके ऊपर लोहे की मजबूत जाली लगाई जा रही है। इससे सड़क पर बहने वाला बारिश का पानी सीधे नाले में जाएगा और बाजार के दुकानदारों की दुकानों में पानी घुसने की समस्या से निजात मिलेगी। वर्तमान में काम चलने के कारण वाहनों को लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने से डाइवर्ट किया गया है।
कोट
यहां नाले का पुनर्गठन कर जाल लगाया जा रहा है। इससे जल निकासी सुचारू होगी और राहगीरों को आवाजाही में सुगमता मिलेगी।-शरीफ मोहम्मद, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद
नालागढके पुराने सब्जी मंडी के समीप नगर परिषद की नाले का रिपेयर का कार्य कराते हुए- संवाद।