अर्की(सोलन)। नगर पंचायत अर्की में 31 मार्च तक कूड़ा शुल्क की बकाया राशि जमा नहीं करवाने वाले लोगों को 30 जून तक का समय दिया है। निर्धारित समय तक बकाया राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। नगर पंचायत अर्की की मासिक बैठक वीरवार को अध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में यह निर्णय लिया गया।
इस बैठक में निर्णय लिया कि गारबेज के तहत लोगों ने 31 मार्च तक कूड़े की बकाया राशि नगर पंचायत में जमा नहीं करवाई हैं। उन्हें 30 जून तक का समय दिया है। निर्धारित समय तक बकाया राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस बैठक में नगर पंचायत के जो डिफाल्टर किराएदार दुकानों का किराया नहीं दे रहे हैं, उनको 30 मई तक का समय दिया है।
किराया नहीं देने वाले दुकानदारों की इसके बाद बिजली काट दी जाएगी। सभी किराएदारों को हर माह की 10 तारीख तक किराया देना होगा। इसके बाद पैनल्टी लगाई जाएगी। बैठक में सबलेटिंग पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इसके लिए प्रधान और उप प्रधान की अगुवाई में एक कमेटी का गठन किया। इसमें पार्षद धर्मपाल, सचिव अभिनव और जेई सुशील कौंडल को सदस्य बनाया जो सबलेटिंग के मामलों पर निर्णय लेगी।
इस बैठक में गृह कर और गारबेज को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया। इसमें प्रधान अनुज गुप्ता और उप प्रधान हेमेंद्र गुप्ता के अलावा पार्षद सुरेंद्र कुमार, सचिव और जेई को सदस्य बनाया। बैठक में मुख्य बाजार में नगर पंचायत की सड़क में तिरपाल आदि लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। अतिक्रमण और तिरपाल आदि हटाने के लिए 30 मई तक का समय दिया हैं। यदि 30 मई तक अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर पंचायत खुद हटाएगी और सारी राशि उल्लंघनकर्ता से वसूली जाएगी।
इस बैठक में अप्रवासी मजदूरों को एक ही स्थान पर बसाने का निर्णय लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि चौगान में बास्केटबाल मैदान की दीवार को गिराया जाएगा तथा मैदान में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। इस बैठक में दो केस पेंशन के भी मंजूर किए। इस बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को भी उठाया। बैठक में सचिव अभिनव शर्मा, उप प्रधान हेमेंद्र गुप्ता, पार्षद सुरेंद्र कुमार, भारती वर्मा, धर्मपाल शर्मा, रुचिका गुप्ता, जेई सुशील कौंडल, लिपिक विद्या देवी और सफाई पर्यवेक्षक नरेंद्र कुमार ने भाग लिया।