दिवाली के बाद शहर में फैले कूड़े को लेकर लिया निर्णय
हर गली-मोहल्ले में पड़ा है पटाखों का कचरा ही कचरा
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में दिवाली के बाद पड़ी गंदगी को लेकर नगर परिषद ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है। हर गली-मोहल्ले में पड़ी पटाखे की गंदगी को साफ करने के लिए यह निर्णय लिया है। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है। वहीं लोगों से आग्रह भी किया है कि वह भी अभियान में नप का साथ दें।
गौर रहे कि दिवाली को हर एक वार्ड की गली-मोहल्लों में पटाखे चलाए गए। इस कारण काफी गंदगी और पटाखों के पैकेट के ढेर लग गए। इससे अधिक गंदगी फैल गई है। गलियों में कूड़ा फैलने से लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है, जिसे साफ करने के लिए नगर परिषद ने कार्य शुरू कर दिया है।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अनुभव शर्मा ने बताया कि दिवाली के बाद तुरंत सफाई अभियान चलाया गया है। इसके चलते हर वार्ड में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है जो गलियों में फैला हुआ कूड़ा इकठ्ठा करेंगे। यह अभियान आगामी कुछ दिनों तक चलेगा।