आज से बस समेत अन्य बड़े वाहन चलना भी होंगे शुुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। भारी बारिश से बंद पड़े धर्मपुर कसौली संपर्क मार्ग वाया मंगोटी मोड़ को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। जबकि बस समेत अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही भी शनिवार से शुरू हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग की टीम मार्ग खोलने में जुटी हुई है। कसौली के समीप करीब 100 मीटर का हिस्सा भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया था।
लोक निर्माण के अधिशाषी अभियंता रंजन गुप्ता ने बताया कि मौके पर वाहनों के लिए सड़क खोल दी गई है। सड़क पर पत्थरों का रैंप बना दिया गया है। जिससे वाहन फिसल ना सके। पहाड़ को रोकने के लिए डंगा व टारिंग का कार्य भी मौसम खुलते शुरू कर दिया जाएगा। करीब एक माह से भारी बारिश के कारण मार्ग बंद हो गया था। इसके बाद यहां से सभी वाहनों आवाजाही भी रुक गई थी। लोक निर्माण विभाग की ओर से अब इस मार्ग को खोल दिया है। संवाद