बीते कई दिनों से खाली चल रहा था उपाध्यक्ष पद
दूसरी बैठक में कोरम के लिए पांच पार्षदों की थी जरूरत
सभी भाजपा पार्षदों ने किया चुनावी बैठक से किनारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नगर परिषद बद्दी में वार्ड नंबर 5 के पार्षद मोहनलाल को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल की देखरेख में संपन्न हुआ। नगर परिषद बद्दी में उपाध्यक्ष का पद बीते कई दिनों से खाली चल रहा था। तत्कालीन अध्यक्ष को सरकार ने बर्खास्त कर दिया था। शुक्रवार को नगर परिषद बद्दी में चुनाव रखा गया। 10:30 बजे सभी कांग्रेस समर्थित पार्षद नगर परिषद हाल में पहुंच गए, मगर भाजपा के चार पार्षद बैठक में नहीं आए।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंघल ने बताया कि निर्धारित समय के बाद एक घंटे तक सभी पार्षदों का इंतजार किया गया लेकिन उनके न आने पर चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। जिसमें उपाध्यक्ष पद के लिए मोहन लाल का नाम रखा गया और बैठक में मौजूद सभी पार्षदों ने उनके नाम पर सहमति जताई। जिससे उन्हें निर्विरोध नगर परिषद बद्दी का उपाध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर विधायक एवं सीपीएस राम कुमार भी बैठक में रहे। कोरम पूरा होने के लिए पांच सदस्यों की जरूरत थी। जिसके चलते कांग्रेस के पांचों पार्षद बैठक में हाजिर रहे।
इसके बाद कांग्रेस ने नगर परिषद प्रांगण में विजय जुलूस में निकला। इस दौरान सीपीएस रामकुमार चौधरी ने कहा कि इससे पहले दल बदल कर एक पार्षद ने नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष पद पर कब्जा किया था, लेकिन एक साल के भीतर उसे कांग्रेस ने उतार कर तरसेम लाल चौधरी को अध्यक्ष बनाया। वहीं दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद पर खाली होने के बाद फिर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। कहा कि नगर परिषद बद्दी में अब किसी भी प्रकार के कार्य अधूरे नहीं रहेंगे। इस मौके पर नप अध्यक्ष तरसेम लाल, सुरजीत सिंह, मोहन लाल, जस्सी चौधरी, अजमेर कौर, पूर्व चेयरमैन मदन चौधरी, रमन कौशल, मदन लाल, समेत गणमान्य मौजूद रहे।