बशोलू के लोगों ने उठाई पेयजल किल्लत की समस्या
बोले, कौशल्या बाध पर करोड़ों की पेयजल योजना को मिली मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बुधवार को कोटला पंचायत के कादो में एंबुलेंस संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। लाखों रुपये की लागत से बनने वाले इस संपर्क मार्ग पर पहले चरण में लगभग पांच लाख की लागत आएगी। सड़क पूरी न होने के बाद विधायक निधि से अतिरिक्त धन भी मुहैया करवाया जाएगा।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने इस संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए और धनराशि देने का आश्वासन दिया। इस संपर्क मार्ग के बनने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि धर्मपुर अस्पताल में बहुत सी कमियां हैं उसे जल्द दूर किया जाएगा। धर्मपुर आदर्श अस्पताल के श्रेणी में आता है। परवाणू अस्पताल में 14 चिकित्सक तैनात हैं। अब धर्मपुर में दूसरे चरण में चिकित्सकों की सुविधा जल्द मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को होम स्टे बनाकर कारोबार शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बाहरी राज्य का पर्यटक प्रदेश के गांवों में ठहरना पसंद करता है। इसे अपनी आमदन बनाएं। बशोलू गांव के स्थानीय लोगों ने पेयजल योजना को गिरि योजना से जोड़ने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गिरि योजना अभी अधूरी है। विधायक ने कहा कि कसौली विस क्षेत्र में पानी की कमी दूर हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने कौशल्या बांध पर पानी की योजना स्वीकृत की है।