विधायक बावा हरदीप सिंह ने वार्षिक समारोह में की शिरकत
विद्यार्थियों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरुणा में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम् के गायन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन समिति ने अध्यक्ष फौजा सिंह के नेतृत्व में मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
समारोह में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर सालभर की गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान स्कूल प्रशासन और एसएमसी की ओर से विधायक को हिमाचली शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘बेटी हूं बेटी’ शीर्षक से विशेष प्रस्तुति देने के साथ पंजाबी भंगड़ा, राजस्थानी नृत्य, गिद्दा और हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
विधायक बावा हरदीप सिंह ने शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेकर सफलता हासिल करना विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गर्व की बात है।