मिनी सचिवालय में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल के औचक निरीक्षण के दौरान अफसर फरलू के फेर में फंस गए। आरोप है कि हाजिरी लगाकर अधिकारी गायब रहते थे। इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। इसकी सच्चाई जानने के लिए मंत्री बुधवार खुद कार्यालय में पहुंच गए। मौके पर संबंधित अधिकारी को गैरहाजिर पाए जाने के बाद इस संबंध में उपनिदेशक कृषि सोलन को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारी के संबंध में पूरी छानबीन कर तथ्यों सहित मामले से उन्हें अवगत करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि यह कर्मचारी ड्यूटी में कोताही बरतने और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से न लेने के मामले में दोषी पाया गया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाने का मामला संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कंडाघाट स्थित मिनी सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आम जनता से विभिन्न कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने कहा कि इस दौरान एक अधिकारी गैरहाजिर पाया गया है। इसकी जांच के आदेश कृषि विभाग को दे दिए हैं।
कर्मचारियों को मौके पर निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह कार्यालय समय में कार्यालय में रहकर आम जनता की समस्या का समाधान सुनिश्चित बनाएं। कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त एवं जवाबदेह तथा उत्तरदायी प्रशासन उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश सरकार के यह प्रयास अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण एवं निष्ठा के साथ ही सफल होंगे।