संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहरी विकास विभाग के 100 रुपये में पानी देने के नगर निगम सोलन के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद सोमवार से लोगों को पूरी दरों पर बिल जारी करेगा। नगर निगम ने पहले ही बिल जनरेट कर दिए थे लेकिन बांटने पर पाबंदी लगाई थी।
अब शहरवासियों को पहले की तरह हजारों रुपये पानी का बिल अदा करना होगा। चुनाव के दौर में शहर की जनता से किए वादे को पूरा करने में नगर निगम के सभी रास्ते बंद होने के बाद यह निर्णय लिया है।
एक बार फिर नगर निगम शहरवासियों को दिसंबर और जनवरी के बिल तय दरों में देगा। हालांकि इससे पहले दो फरवरी को सौ रुपये में पानी देने पर सरकार को अंतिम प्रस्ताव भेजा गया। इसमें 15 दिनों के भीतर प्रस्ताव पर जवाब देने की बात कही गई। तब तक निगम ने शहर में पानी के बिल बांटने पर रोक लगा दी थी।
वहीं, अब पांच मार्च को नगर निगम सोलन के पानी बिल 100 रुपये करने के प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया था। इस बीच नगर निगम में हलचल तेज हो गई। नगर निगम मेयर ने भी पानी को लेकर कोई बयान नहीं दिया।
उधर, नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पानी सौ रुपये करने को लेकर सरकार को भेजा प्रस्ताव खारिज हो गया है। सोमवार से शहर के वार्डों में पानी के पूरे बिल बांटे जाएंगे।