शिक्षा विभाग ने भेजी थी कम संख्या वाले स्कूलों की रिपोर्ट
दो और तीन किलोमीटर की दूरी पर कम संख्या वाले हैं स्कूल
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को शिफ्ट करने की भी तैयारी की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिल में विद्यार्थियों की कम संख्या वाले स्कूलों को बंदकर उन्हें दूसरे स्कूल में विलय कर दिया गया है। इसमें 18 प्राथमिक और एक माध्यमिक स्कूल को बंद करते हुए विलय कर दिया है। अब इन स्कूलों को साथ लगते स्कूलों में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसके लिए शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के लिए अधिसूचना भी जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार जिले में करीब 910 प्राथमिक और 140 माध्यमिक स्कूल चल रहे हैं। शिक्षा निदेशालय ने कम विद्यार्थियों की संख्या वाले और दो से चार किमी के दायरे में चल रहे स्कूलों का आंकड़ा एकत्र करने के लिए जिला विभाग को आदेश दिए थे। इसमें उनसे संबंधित स्कूलों में तैनात रेगुलर, अनुबंध, पैरा टीचर्स और एसमएसी, पीजीटी शिक्षकों का आंकड़ा भी मांगा था। इन स्कूलों की सूची जिला शिक्षा विभाग ने निदेशालय को भेजी थी। अब इन स्कूलों को निदेशालय की ओर से दूसरे स्कूलों में विलय कर दिया गया है। ।
शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि निदेशालय की ओर से कम संख्या वाले स्कूलों की सूची मांगी थी। जिसमें 18 प्राथमिक और एक माध्यमिक स्कूलों में बच्चों की कम संख्या देखते हुए उसे मर्ज करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें अब स्कूलों को शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।