एससडीएम सदर को ज्ञापन सौंपते नौणी पंचायत के लोग। स्रोत: जागरूक पाठक
सुबह 8 और अपराह्न 3:15 बजे बस चलाने की उठाई मांग
-बिलासपुर व रघुनाथपुरा जाने वाले विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर की ग्राम पंचायत नौणी के ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह 8 बजे और दोपहर बाद 3:15 बजे बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से स्कूली विद्यार्थियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत के कई विद्यार्थी मंडी मानवा, जबली और भराड़ी क्षेत्र से बिलासपुर और रघुनाथपुरा स्थित स्कूलों में पढ़ाई के लिए आते-जाते हैं। निर्धारित समय पर बस सुविधा नहीं होने के कारण बच्चों को समय से स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है। कई बार उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं छुट्टी के बाद भी बस न मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए सुबह 8 बजे और अपराह्न 3:15 बजे नियमित बस सेवा शुरू की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और समय पर स्कूल आने-जाने की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि बस सेवा शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों बल्कि अन्य स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से मामले का उचित समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान राजकुमार, उपप्रधान पंकज, अमित, मनीषा, वनिता, सोनाक्षी, सपना सहित पंचायत के अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।