महिषा सुरमर्दिनी पर थिरकी युवतियां, दीं शानदार प्रस्तुतियां
संस्कृत कॉलेज में हुआ जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। संस्कृत कॉलेज के सभागार में संस्कृत सप्ताह के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं हुईं। जिला स्तरीय कार्यक्रम मेंतीन दर्जन स्कूलों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम भाषा और संस्कृत विभाग, जिला सोलन के तत्वावधान में करवाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने बहुत से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। शुरुआत में छोटी बच्चियों ने जहां महिषा सुरमर्दिनी स्तोत्र पर नृत्य किया तो वहीं किशोरियों ने नाटी से कार्यक्रम में समां बांधा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए वेदमंत्र उच्चारण, श्लोक उच्चारण, संस्कृत गीत उच्चारण, स्तोत्र पाठ, भाषण और ग्रुप डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वेद मंत्र उच्चारण में सुतीष्ण शर्मा प्रथम, स्वक्ष शर्वा दूसरे और ऋद्धेश तीसरे स्थान पर रहे। श्लोक उच्चारण कनिष्ठ वर्ग में मेघा पहले रिशिका दूसरे और शिवांश दत्त तीसरे स्थान पर रहा। श्लोक उच्चारण वरिष्ठ वर्ग में आदित्य प्रथम जागृति दूसरे और दिव्यांशी तीसरे स्थान पर रही। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में अमानत प्रथम, श्रेया शर्मा दूसरे और वरुण तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में रिद्धिमा प्रथम महक दूसरे और दिव्यांशी तीसरे स्थान पर रही। स्तोत्र पाठ प्रतियोगिता में दीक्षित शर्मा प्रथम मुस्कान दूसरे और नेहा तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाना था। संस्कृत विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक की भूमिका में डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. सुरेश भारद्वाज, गौरव अत्री, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. अरुण शर्मा, डॉ. भावना शर्मा, डॉ. कपिल मोहन, डॉ. सोम दत्त, डॉ. किरण सकलानी, डॉ. राधा शर्मा, डॉ. वंधना, पूजा व ज्योति मेहता शामिल रहे।