राखी से लेकर मिठाईयों की दुकानों पर दिनभर रही चहल-पहल
ग्राहकों को लुभाने के लिए कई दुकानों पर राखी के दाम भी किए कम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन में रक्षाबंधन पर बाजारों में रौनक, राखियों और मिठाइयों की खूब बिक्री
सोलन। भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन त्योहार को लेकर वीरवार को सोलन शहर में खूब चहल-पहल रही। राखी और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक थी और दोपहर तक पूरा बाजार पैक हो गया।
शहर के मालरोड, अपर बाजार समेत अन्य बाजारों में दोपहर बाद से ही भीड़ रही। मिठाइयों की दुकानों पर 15 से 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा था। मिठाई विक्रेताओं ने पहले से इंतजाम किए थे। कुछ मिठाइयां पैक कर डिब्बे सजाए हुए थे। दुकानों पर कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद भीड़ अधिक होने से लोगों को समय लग रहा था। बहनों ने भाइयों के लिए लड्डू, गुलाब जामुन, रसगुल्ले, बर्फी, काजू कतली जैसी मिठाइयां खरीदीं। कई ग्राहकों ने उपहार में देने के लिए पैकेट्स भी बनवाए। दुकानदारों ने त्योहार के लिए अतिरिक्त स्टॉक तैयार करवाया था। मिठाइयों की मांग बढ़ने से सुबह से ही दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही लगी थी।
राखियों के दामों में गिरावट
राखियों की दुकानों पर भी खूब भीड़ देखी गई। कुछ राखियों के दामों में गिरावट भी आई। बुधवार को 10 रुपये में बिकने वाली राखी वीरवार को पांच रुपये में बिकी। रंग-बिरंगे मोतियों, कुंदन और जरी वाली राखियों में भी पांच से दस रुपये की गिरावट आई। यह राखियां जो पहले 30 से 40 रुपये में बिक रही थीं, अब 20 से 25 रुपये में बिकीं।
भाई भी खरीद रहे उपहार
रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर भाई भी अपनी बहनों के लिए उपहार खरीद रहे थे। दुकानदारों जियालाल और अक्षय ने विभिन्न तरह के गिफ्ट हैंपर उपलब्ध बताए। इनमें चॉकलेट, कुकीज, ड्राईफ्रूट और फ्रूट केक शामिल थे। इनकी कीमत 400 रुपये से शुरू होकर 1000 रुपये तक थी। अमन और अशोक ने अपनी बहनों के लिए चॉकलेट, केक, सॉफ्ट टॉयज और पानी की बोतल वाले गिफ्ट हैंपर खरीदे।
सोलन शहर के अप्पर बाजार में उमड़ी लोगों को भीड़। संवाद