पांच अक्तूबर को एसडीएम कार्यालय के बाहर होगा धरना
बोले, शिक्षकों के हित में नहीं प्रदेश सरकार का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड धर्मपुर की कार्यकारिणी की बैठक खंड अध्यक्ष अमित बंसल की अध्यक्षता में हुई। इसमें सचिव (शिक्षा) हिमाचल प्रदेश की ओर से 23 सितंबर को नई कांप्लेक्स प्रणाली की जारी अधिसूचना का विरोध करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों के साथ वादा खिलाफी की गई है और अब प्राथमिक स्कूलों के वर्तमान क्लस्टर सिस्टम से छेड़छाड़ करते हुए समस्त प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन प्रिंसिपल के अधीन कर दिया गया, जिसका प्राथमिक शिक्षक संघ कड़ा विरोध करता है। इसके विरोध में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर पांच अक्तूबर को खंड कार्यकारिणी शिक्षा खंड के समस्त प्राथमिक शिक्षकों के साथ उपमंडल कार्यालय कसौली के बाहर तीन घंटे का धरना प्रदर्शन करेंगे। खंड कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री से इस अधिसूचना को वापस लेने की मांग उठाई।
अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले शिक्षा (सचिव) की ओर से 29 नवंबर 2023 को क्लस्टर सिस्टम पर निर्देश जारी किए गए थे, जिसके बाद प्राथमिक शिक्षक संघ की उनके साथ कई बार वार्ता हुई। वार्ता के उपरांत निर्णय लिया गया कि कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक प्राथमिक स्कूलों के वर्तमान क्लस्टर प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन की दृष्टि से यथावत रहेगी। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के परिसर अलग से प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन की दृष्टि से यथावत कार्य करते रहेंगे। वर्तमान क्लस्टर बनाने का उद्देश्य केवल मात्र रिसोर्स शेयरिंग तक सीमित रहेगा। इस सहमति के बाद अलग-अलग प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन की व्यवस्था क लिए रिसोर्स शेयरिंग को लेकर अंतिम संशोधित अधिसूचना 13 फरवरी 2024 को जारी कर दी गई। इसके बाद एक स्कूली शिक्षा निदेशालय बनाए जाने पर एकतरफा ढांचे को बदलने का प्रयास जारी रखा गया। प्राथमिक शिक्षक संघ ने 43 दिन तक स्कूली शिक्षा निदेशालय के बाहर क्रमिक अनशन किया और 7 जून 2025 को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को मानते हुए अनशन समाप्त करवाया लेकिन आज दिन तक प्राथमिक शिक्षकों की किसी भी मांग पर कार्य नहीं किया गया।