सोलन। पूर्व सैनिक कल्याण लीग हिमाचल प्रदेश की जिला सोलन इकाई की त्रैमासिक बैठक रविवार को हुई। इसमें पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों और वीर नारियों ने भाग लिया। बैठक सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर सचिदानंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पूर्व सैनिकों ने संगठन की मजबूती, कल्याण और पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा की।
बैठक में जिला सोलन की सभी छह उप-इकाइयों सिरी-ममलीग, कंडाघाट, सोलन, सुबाथू, धर्मपुर और गोयला के अध्यक्ष ने अपने-अपने विचार रखे। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, सभी उप-इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और पूर्व सैनिकों के परिवारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने पर चर्चा की गई। सचिदानंद ने कहा कि मजबूत उप-इकाइयां ही संगठन की नींव हैं। आग्रह किया कि सदस्यों की समस्याओं का उचित रिकॉर्ड रखें और आवश्यक दस्तावेज के साथ उन्हें जिला स्तर पर प्रस्तुत करें, ताकि समाधान किया जा सके। इस दौरान नरेश कौंडल, यशपाल काशिव, देव प्रकाश, डीआर पांडियार, दीपक तामांग, किशन सिंह कनवर, तीर्थ राम शांडिल आदि मौजूद रहे।