सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों को दवाइयों के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है। अस्पताल की डिस्पेंसरी में मरीजों को डॉक्टरों की सुझाई गिनी-चुनीं दवाइयां ही मिल पा रही हैं। बाकी दवाओं के लिए मरीजों को निजी दवा दुकानों में भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उनकी आर्थिकी पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में खोली डिस्पेंसरी को कोई भी लाभ नहीं मिल रहा है। नियमानुसार अस्पताल में सभी प्रकार की दवाइयों का रखा जाना चाहिए। मरीजों को सुविधा देने के बजाय डिस्पेंसरी में दवाइयों का आधा ही स्टॉक रखा जा रहा है। बाहर दवाएं लेने से मरीजों को महंगे दामों पर दवाइयां लेनी पड़ रही हैं।
नहीं मिल रही सभी दवाएं
धर्जा से अपनी पीठ का उपचार करवाने के लिए पहुंची रत्नी देवी ने कहा कि अस्पताल की डिस्पेंसरी में सभी दवाइयां नहीं मिल रही हैं। कहा कि डॉक्टर की लिखी आधी दवाइयां ही मरीजों को दी जा रही हैं। बाकी दवाइयों के लिए बाहर केमिस्ट की दुकानों पर ही दवा लेनी पड़ी हैं।
नाम के लिए है डिस्पेंसरी
सोलन से छाती की दवा लेने के लिए आए लक्ष्मी नंद ने कहा कि डिस्पेंसरी केवल नाम की है। पर्ची पर लिखी दवाइयां नही मिलती। मजबूरन अधिक पैसे खर्च कर बाहर से दवा खरीदनी पड़ी। कहा कि अस्पताल में मरीजों को पूरी सुविधा नहीं दी जा रही है। इसका खामियाजा हमेशा मरीजों को ही भुगतना पड़ रहा है।
मरीजों को सुविधा देने में विभाग नाकाम
बसाल से बुखार के उपचार के लिए आई सुभद्रा ने बताया कि डॉक्टर ने दवाइयां तो सुझाई हैं लेकिन उसका लाभ नहीं मिला। डिस्पेंसरी से केवल दो चार दवाइयां ही मिली हैं। बाकी दवाओं के लिए निजी दुकानों का सहारा ही लेना पड़ रहा है। यह मरीजों के लिए एक बड़ी परेशानी है। डिस्पेंसरी में सभी दवाइयां रखनी चाहिए।
गरीबों की आर्थिकी से खिलवाड़
सोलन से अस्पताल उपचार के लिए आई गुड्डी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग बेहतर सुविधा देने का कार्य नहीं कर रहा है। अस्पताल की डिस्पेंसरी में जोड़ो के दर्द के मरीजों के लिए भी दवा नहीं है। डॉक्टर की लिखी दवा में से अधिकतर दवाइयां बाहर से ही खरीदनी पड़ीं।
मरीजों को दी जा रहीं 300 दवाएं : डॉ. गुप्ता
एमएस डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि सरकार की लिस्ट के हिसाब से ही डिस्पेंसरी में दवाइयां रखी गई है। जो दवाइयां लिस्ट से बाहर होंगी, वह मरीजों को बाहर से ही खरीदनी पडे़ंगी। सरकार ने 300 दवाइयों की लिस्ट जारी की है। वे ही दवाएं डिस्पेंसरी में रखी गई हैं।