नगर परिषद सोलन की योजनाएं कागजी साबित हो रही हैं। यहां आम लोगों से जुड़ी योजनाओं के सपने तो दिखा दिए जाते हैं लेकिन उसकी जमीनी हकीकत को पूरा करने में नगर परिषद नाकाम है।
- फोटो : demo pic
नगर परिषद सोलन की योजनाएं कागजी साबित हो रही हैं। यहां आम लोगों से जुड़ी योजनाओं के सपने तो दिखा दिए जाते हैं लेकिन उसकी जमीनी हकीकत को पूरा करने में नगर परिषद नाकाम है। ऐसा ही हाल एसएमएस के माध्यम से पानी, कंजरवेशन टैक्स और नक्शा अप्रूव होने की जानकारी देने की योजनाओं का है।
नगर परिषद की आमसभा की बैठकों में औपचारिकता पूरी करके फाइलों को बंद कर दिया जा रहा है और योजना हकीकत का रूप नहीं ले रही है। ऐसे में शहरावासियों को ऐसी योजनाओं के सपने दिखाकर ठगा जा रहा है। इन सुविधा के शुरू होने से जहां एक ओर तो लोगों को घर बैठे मोबाइल पर कंजरवेशन टैक्स और पानी के बिल आदि की जानकारी मुहैया करवाई जानी थी। हालांकि इस सुविधा को जल्द से जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया था। इस पर वर्तमान समय में कोई अमल नहीं हो पाया है। दूसरी ओर इस सुविधा के शुरू न होने से शहरवासियों को टैक्स तथा नोटिस संबंधी जानकारी के लिए बार-बार परिषद कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
यह थी योजना
नप परिषद की ओर से पारित इस योजना में शहरवासियों को उनके द्वारा बताए मोबाइल नंबर पर नगर परिषद से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जानी थीं। इसके लिए किसी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी से बल्क एसएमएस के माध्यम से इस योजना को शुरू किया जाना था। इससे शहरवासियों को नक्शा पास, नप नोटिस की जानकारी तुरंत उनके मोबाइल पर ही मिलनी थी। इससे आम जनता को काफी लाभ मिलना था।
यह आ रही दिक्कतें
इस सुविधा के शुरू होने से नप की सुस्त कार्यप्रणाली जग जाहिर हो रही है। नप की ओर प्रस्ताव पारित करने के बाद किसी भी दूरसंचार सुविधा प्रदाता कंपनी के साथ अभी कोई बात नहीं पाई है। नप में खासकर नक्शे पास करवाने के लिए भी कई महीनों को इंतजार करना पड़ रहा है वहीं अन्य सुविधाओं के लिए भी परिषद का सुस्त रवैया जारी है।
प्रयास जारी हैं : पवन गुप्ता
इस मामले पर नगर परिषद के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि इस संबंध में प्रयास जारी हैं। यह योजना पिछली नगर परिषद के कार्यकाल में चली थी। लेकिन सिरे नहीं चढ़ सकी है। अब योजना को नए सिरे से शुरू किया जा रहा है। इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। योजना को शुरू करने के लिए कितना समय लगेगा कुछ नहीं कहा जा सकता।