भारतीय मानक ब्यूरो परवाणू शाखा ने बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भारतीय मानक ब्यूरो परवाणू शाखा कार्यालय की ओर से 77 वां स्थापना दिवस पर प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन के मानकों पर निर्माताओं के लिए मानक मंथन एवं लाइसेंसी बैठक की गई। परवाणू शाखा कार्यालय के वैज्ञानिक-ई एवं निदेशक के विजयवीरन ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन के मानकों पर चर्चा की। जिला उद्योग केंद्र के उप निदेशक योगेश गुप्ता ने इसमें बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन के महत्व पर विचार रखे।
कार्यक्रम में परवाणू शाखा कार्यालय के सहायक निदेशक एवं वैज्ञानिक-बी सुयश पांडेय ने ब्यूरो की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सहायक निदेशक एवं वैज्ञानिक-बी सुधांशु सुमन ने उपस्थित प्रतिभागियों को बीआईएस केयर एप्लीकेशन के माध्यम से वस्तुओं की गुणवत्ता सत्यापित करने के बारे में जानकारी दी। सहायक निदेशक एवं वैज्ञानिक-बी विक्रम आचले ने आभार जताया। उपरोक्त कार्यक्रम में विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों समेत 100 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया।