टीटीआर बाईपास से चौक तक वाहनों की कतारें, चंडीगढ़ जाने वाला मार्ग रहा प्रभावित
वीकेंड और राधा स्वामी सत्संग से लौटे श्रद्धालुओं के कारण बढ़ा यातायात का दबाव
क्रेन की मदद से हटाए वाहन, पुलिस ने परवाणू में सिंगल लेन से सुचारू कराया यातायात
हाईवे पर जाम से निपटने के लिए 135 पुलिस जवान तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू टीटीआर बाईपास टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर रविवार को सोलन से चंडीगढ़ जाने वाले मार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए। एक तीखे मोड़ पर ट्रक खराब होने और उसके कुछ ही दूरी पर दो गाड़ियों की टक्कर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक किलोमीटर से भी अधिक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार रविवार को चंडीगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रक की क्लच प्लेट खराब हो गई। इससे वह बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया। इसी दौरान थोड़ी ही दूरी पर बने एक स्पीड ब्रेकर के पास दो अन्य गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं। इन दोनों घटनाओं के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते जाम का असर टीटीआर चौक तक पहुंच गया।
टीटीआर बाईपास टोल से लेकर टीटीआर चौक तक करीब 1 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगा। चंडीगढ़ जाने वाला मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहा, जबकि शिमला जाने वाली लेन पर ट्रैफिक सामान्य रहा। टोल पार करने में वाहन चालकों को करीब 10 से 15 मिनट का अतिरिक्त समय लगा।
धार्मिक समारोह और वीकेंड ने बढ़ाई मुसीबत
रविवार का दिन होने के कारण वीकेंड पर सैलानियों के वाहनों की संख्या पहले से ही काफी अधिक थी। इसके अतिरिक्त, सोलन में 13 और 14 जून को आयोजित दो दिवसीय राधा स्वामी सत्संग में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। सत्संग समाप्ति के बाद रविवार को हजारों श्रद्धालुओं की एक साथ वापसी होने के चलते सड़क पर यातायात का दबाव अचानक कई गुना बढ़ गया, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
पुलिस जवान संभाल रहे मोर्चा
जाम की सूचना मिलते ही परवाणू पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने क्रेन और अन्य माध्यमों से व्यवस्था बनाई और यातायात को सिंगल लेन से संचालित कर धीरे-धीरे वाहनों को गंतव्य की ओर रवाना किया।
एसपी सोलन तिरुमला एसडी वर्मा ने बताया कि सोलन में आयोजित धार्मिक समारोह और वीकेंड रश को देखते हुए पुलिस पहले से ही मुस्तैद है। परवाणू से सोलन तक सुचारू यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सोलन में 135 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि जाम की स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
परवाणू शिमला फोरलेन पर परवाणू के पास लगा जाम। संवाद