Local bus route changes via Sector-7 in Parvanoo
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में मुद्रिका बस का रूट बदल दिया है। अब मुद्रिका बसें बस स्टैंड परवाणू से वार्ड-सात तक चलेंगी। लोगों की मांग को देखते हुए परिवहन निगम ने यह रूट बदला है।
रूट बदलने से बस स्टैंड से वार्ड-7 के सैकड़ों लोगों को फायदा मिलेगा। मुद्रिका बस का अस्थायी बस स्टॉप वार्ड-7 स्थित सनातन धर्म मंदिर के समीप बनाया गया है।
वार्ड-6 और 7 के निवासियों को बस लेने के लिए लगभग डेढ़ किलो मीटर पैदल चढ़ाई चढ़कर सेक्टर-4 में जाना पड़ता था। इससे लोगों को परेशानी होती थी। लोगों ने प्रदेश सरकार से रूट बढ़ाने की मांग की थी जो पूरी हो गई है।
वार्ड-7 से पार्षद व पूर्व में नगर परिषद के उपाध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने बताया कि बीते कई वर्षों से बस का रूट बढ़ाने की मांग लोग कर रहे थे। इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और अब यह मांग पूरी हो गई है।
उन्होंनेे बताया कि सरकारी स्कूल के बच्चे, ईएसआई अस्पताल और परवाणू के सेक्टर-1 जाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि सेक्टर-4 में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी की मांग की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने इसे जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।