कुत्ते को भी रेलवे स्टेशन से दबोच ले गया तेंदुआ
मंगलवार को टीटीआर डंगे पर घूमते हुआ था वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और आसपास के क्षेत्र में इन दिनों लोग तेंदुए की दहशत में हैं। लोग डर के साये में जी रहे हैं। हाल ही में तेंदुआ कालका-शिमला विश्व धरोहर रेल लाइन पर गुम्मन रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। इसके बाद से स्टेशन स्टाफ भी दहशत में है। हैरानी की बात तो यह है कि तेंदुआ स्टेशन स्टाफ के सामने ही कुत्ते को भी दबोच कर ले गया। इसके बाद से डर और अधिक हो गया है। वहीं लोग जंगल के रास्ते से नहीं गुजर पा रहे हैं।
इससे पहले बीते मंगलवार को टीटीआर के समीप तेंदुआ देखा गया था। टीटीआर में डंगें पर घूमते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था। तेंदुए की दहशत के बाद टीटीआर, सेक्टर-छह और गुम्मन रेलवे स्टेशन और गुम्मा गांव के निवासियों को सचेत किया गया है। उधर, गुम्मन रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि वीरवार शाम 6:00 बजे स्टेशन से तेंदुआ कुत्ते को उठा ले गया। स्टेशन के साथ घना जंगल होने से यहां अकसर तेंदुआ देखा जाता है। उन्होंने निवासियों को सचेत किया है कि वह अपनी व बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह और देर शाम ट्रैक पर टहलने न जाएं। साथ ही पशुओं का भी ध्यान रखें।