कई बार लोग अधिकारियों को बता चुके समस्या, चार महीने से नहीं निकल रहा कोई हल
वार्ड 10 की नालियां पानी से लबालब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम के मुख्य भंडारण टैंक के समीप पाइप में लीकेज से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता जा रहा है। नाले में पानी बहने से टैंक के आसपास रहने वाले लोग भी काफी परेशान है। शहर के मुख्य भंडारण टैंक के समीप पाइप में भारी लीकेज के कारण पानी नालों में तब्दील हो गया है, जिससे वार्ड-10 के निवासियों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लीकेज की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले चार महीनों से पानी इसी तरह बर्बाद हो रहा है। लीकेज इतनी अधिक है कि जिस नाली में यह पानी गिरता है, वह अब बड़े नाले का रूप ले चुकी है। हैरानी की बात यह है कि कई बार अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। वार्ड-10 के नाले पानी से लबालब भरे हुए हैं, जबकि शहर में कई बार लोगों को चार से छह दिन तक पानी का इंतजार करना पड़ता है।
पुरानी पाइप बने मुसीबत, फॉल्ट नहीं मिल रहा
नगर निगम को जलशक्ति विभाग की ओर से गिरि और अश्वनी खड्ड योजनाओं से पानी की आपूर्ति की जाती है। निगम के पास मुख्य भंडारण टैंक से वार्डों तक जाने वाली पाइपें काफी पुरानी और जमीन में दबी हुई हैं। अधिकारियों का दावा है कि वे कई बार निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन मुख्य भंडारण टैंक के पास फॉल्ट यानी लीकेज का सही प्वाइंट ही नहीं मिल पा रहा है। इस तकनीकी विफलता के कारण पानी नालों में बह रहा है।
कोट
मुख्य भंडारण टैंक से आ रही पाइप में लीकेज की जांच की गई है, लेकिन सही प्वाइंट नहीं मिल रहा है। मैंने स्वयं भी मौके का निरीक्षण किया है। समस्या के समाधान के लिए करोड़ों रुपये की लागत से नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। रविवार को अधिकारियों की टीम दोबारा मौके पर भेजी जाएगी और विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी।
-ऊषा शर्मा, महापौर, नगर निगम,सोलन
शहर के वार्ड 10 में टैंक से आ रही पाइप में लीकेज से नालियों में बहता पानी। संवाद