कुनिहार-सायरी मार्ग पर सड़क हादसा, यूपी का रहने वाला था राजू
पुलिस ने चालक पर लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार-सायरी मार्ग पर शारडाघाट के समीप सोमवार देर शाम एक सड़क हादसा पेश आया। ट्रैक्टर से अचानक नीचे गिरने के कारण एक प्रवासी मजदूर की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के चक्कर में एक अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा सोमवार रात करीब 9:30 बजे शारडाघाट पेट्रोल पंप के समीप हुआ। मृतक की पत्नी मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति राजू ,निवासी नरैनी, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश वर्तमान में हाटकोट कुनिहार में किराये के मकान में रहता था। सोमवार को राजू ट्रैक्टर चालक पवन कुमार व अन्य मजदूरों के साथ सायरी बालाघाटी में काम पर गया था। काम खत्म कर लौटते समय चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दी, जिससे राजू अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
साथी को बचाते मजदूर भी हुआ घायल
जब राजू ट्रैक्टर से गिरा, तो उसे पकड़ने और बचाने के प्रयास में उसका साथी ओंकार भी नीचे गिर गया। हादसे में राजू के सिर पर घातक चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत कुनिहार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। घायल ओंकार का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोट
ट्रैक्टर चालक पवन कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-अशोक चौहान, डीएसपी सोलन