पेयजल की भी नहीं कोई व्यवस्था, सैकड़ों यात्री हो रहे परेशान
दिल्ली, चंडीगढ़, धर्मशाला समेत अन्य जिलों के लिए खड़ी होती हैं बसें
यात्रियों समेत निजी संस्थाओं ने समस्या को दुरुस्त करने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। कुनिहार में पथ परिवहन निगम के नए बस अड्डे के भवन की हालत खस्ता है। कई वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए इस अड्डे की सुध नहीं ली जा रही। भवन की हालत को देखकर ऐसा लगता है मानो यह कोई 100 वर्ष पहले का खंडहर हो। भवन में न तो सफेदी की गई है और न ही कोई मरम्मत कार्य। जगह-जगह छत से प्लास्टर भी गिरना शुरू हो गया है। कई बार प्लास्टर गिरने से यात्री भी घायल हो चुके हैं।
इसके अलावा सवारियों को पिछले कई दिनों से पीने के पानी भी नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन लोगों को दुकानों से पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। गौर रहे कि कुनिहार के नए बस अड्डे में निगम द्वारा पीने के पानी के लिए जो वाटर कूलर लगवाया गया गया है वह मात्र शो पीस बनकर रह गया है। बस स्टैंड पर बने सुलभ शौचालय की हालत भी ठीक नहीं है यहां दीवारों में जगह-जगह जाले लगे हुए हैं। इस बस स्टैंड से प्रतिदिन सोलन, चंडीगढ़, दिल्ली, शिमला, धर्मशाला समेत अन्य जिलों के लिए बसों का आवागमन होता है। यात्री सुनील कुमार, दिनेश, कार्तिक, सुभाष, मीरा, आत्मा राम, आकाश, मेहर चंद, धनी राम, सुमित्रा, यश, कैलाश सहित अन्य संस्थाओं के सदस्यों ने निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस भवन व अड्डे की मरम्मत, रंग रोगन, पानी व अन्य समस्या का समाधान किया जाए।
उधर, आरएम सोलन एसपी राजपूत से बताया कि कुनिहार बस अड्डा में सफेदी, पानी व प्लास्टर गिरने की जो समस्या है उसके लिए यहां से प्रस्ताव आला अधिकारियों को भेजा गया है। एक माह के अंदर सभी समस्याएं दुरुस्त कर दी जाएंगी।
कुनिहार बस स्टैंड में छत में पानी लगने के कारण उखड़ा सीमेंट। संवाद