पट्टा महलोग में दो दिवसीय ऐतिहासिक मेला 25 मई से होगा शुरू
कबड्डी में 45 व 65 किलो भार वर्ग के लिए अलग-अलग होंगे मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। पट्टा महलोग में ऐतिहासिक दो दिवसीय मेला 25 व 26 मई को आयोजित होगा। मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप व सचिव धर्मवीर ने बताया कि इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण कबड्डी व विशाल कुश्ती दंगल रहेगा। वहीं स्टार नाइट कार्यक्रम में रात्र 8 से 10 बजे तक चंबा के प्रसिद्ध गायक काकू राम ठाकुर अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। 25 मई को कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण निर्णय लिया गया है कि मैच देर शाम को आयोजित किए जाएंगे। फाइनल मैच व विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन 26 मई को होगा। इसमें हिमाचल के अलावा साथ लगते हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ व दिल्ली तक के नामी पहलवान शामिल होंगे।
कबड्डी प्रतियोगिता के प्रभारी ज्योति गुप्ता व पुनीत ने बताया कि 45 व 65 किलो भार वर्ग में अलग-अलग प्रतियोगिता होगी। लड़कियों की कुश्ती के लिए ओपन प्रतियोगिता होगी। 65 किलो भार वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता टीम को रुपये 11 हजार व ट्रॉफी और उप विजेता टीम को 8,100 व ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। इसी तरह पहलवानों को मेला कमेटी व बाड़ियां पंचायत की ओर से उचित पारितोषिक देकर सम्मानित किया जाएगा। दोपहर एक बजे से भंडारे का आयोजन रहेगा।
कुश्ती दंगल के प्रभारी अक्षय व सूरज ने बताया कि कुश्ती दंगल माली के मुख्यातिथि दून के विधायक राम कुमार चौधरी रहेंगे। कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में बड़ी माली के विजेता को 9,100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया जाएगा।