केंद्र में उठेगा जंगली जानवरों का मुद्दा।
- फोटो : Demo Pic
सांसद वीरेंद्र कश्यप ने अर्की के शहरोल पंचायत का दौरा किया। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंदरों और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान को भी फसल बीमा योजना में शामिल किए जाने के लिए वह केंद्रीय कृषि मंत्री से आग्रह करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने समोह-शहनोल नाला सड़क के लिए दो लाख, खेल मैदान के लिए 1 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सभी प्रदेशों के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के सभी पंचायतों को पांच वर्षों में 80 लाख रुपये कर राशि देने और किसानों को ऋण के लिए 9 लाख करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना से 31 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। इसके तहत मृत्यु होने पर परिवार को 1 लाख रुपये और जन सुरक्षा योजना में 2 लाख की राशि प्रदान की जाती है। प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना में सुधार करके 2 प्रतिशत प्रीमियम में फसलों का बीमा किया जाता है। इसमेें सूखे और वर्षा से होने वाले नुकसान पर धनराशि प्रदान की जाती है।
यह सरकार किसानों, ग्रामीणों और गरीबों के हितों के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव रत्न सिंह पाल, सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी इंद्रपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष बाबूराम, उपाध्यक्ष राम प्रकाश, ज्ञानचंद शर्मा और माधोराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।