जिला सोलन में पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को 18 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, अब तक सोलन में पीलिया की चपेट में आए रोगियों का सरकारी आंकड़ा 244 तक पहुंच चुका है। इसमें 121 मामले सोलन शहर से ही संबंधित हैं। जबकि, 40 मामले धर्मपुर और बाकी 83 मामले नजदीकी ब्लॉक व जिला सिरमौर से संबंधित हैं।
वहीं, सायरी में पीलिया की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सीएमओ के निर्देशानुसार केस हिस्ट्री खंगाली है। मौत पीलिया से हुई है, इस पर संशय व्यक्त किया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मृतक छात्रा कुछ अरसे से बीमार चल रही थी। उसका उपचार डीडीयू कुनिहार आदि क्षेत्रों में किया गया। मरीज को उल्टी दस्त शुरू हो गई थी। जब उसे सायरी अस्पताल लाया गया, तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। कहा कि जांच में परिजनों ने अवगत करवाया कि उसे करीब एक वर्ष पहले पीलिया हुआ था। लेकिन, रिकार्ड के अभाव में वास्तविक बीमारी का पता नहीं चल सका है। सीएमओ डॉ. आरके दरोच ने बताया कि पीलिया को लेकर विभाग अलर्ट है।