जिला सोलन में पीलिया थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सोलन में 22 मामले सकारात्मक पाए गए हैं। सोमवार से लेकर अब तक कुल 67 मामले सामने आ चुके हैं। अब जिला सोलन में पीलिया से पीड़ित रोगियों की संख्या 355 के करीब हो चुकी है। इससे पहले सोमवार को 17, मंगलवार को 28 और बुधवार को 22 मामले सकारात्मक आने से चिंता बढ़ती जा रही है। उधर, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति कंट्रोल में है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दरोच से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सोलन जिला में पीलिया बीमारी से संबंधित 22 मामले सकारात्मक पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पीलिया के रोगियों का उपचार सुनिश्चित बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग दूषित जल से फैलने वाले रोगों के बारे में लोगों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि रोगी में उल्टी, दस्त, भूख न लगना, जोड़ों में दर्द, सिर दर्द आदि लक्षण पाए जाते हैं तो तुरंत समीप के स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पीलिया के टेस्ट अस्पतालों में मुफ्त हो रहे हैं।