सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी-लंबी कतारें
लोगों को रेड लाइट चौक पहुंचना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी साई मार्ग पर एनआरआई चौक के समीप एक सीवरेज का गहरा गड्ढा है। वीरवार को इस गड्ढे में डेढ़ दर्जन वाहन फसें। गुड़गांव के एक व्यक्ति की कार भी इस गड्ढे में जाने से उनकी बेटी के सिर में गाड़ी का शीशा लग गया जिससे उसके सिर में चोट आई। उक्त व्यक्ति ने अपनी गाड़ी इस गड्ढे के ऊपर ही खड़ी कर दी है जिससे जाम लग गया। लोगों को पैदल चल कर अपने गंतव्य स्थान पर तक पहुंचना पड़ा। करीब तीन घंटे के बाद इस गाड़ी को किसी तरह से यहां से निकाला गया। तब तक वाहन वन वे चलते रहे। इससे वर्धमान चौक से बद्दी से रेड लाइट तक आने के लोगों को दो घंटे का समय लगा। कुछ लोग पैदल ही पहुंचे। जाम लगने के बाद यहां पर यातायात पुलिस, जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह से गाड़ी को गड्ढे से बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डिवाइडर के चलते अब सभी को अपनी लाइन में चलना पड़ रहा है जिससे यह समस्या और ज्यादा विकराल हो गयी है। सुबह से यह गहरा गड्ढा वाहन चालकों की परेशानी का कारण बना हुआ था। जो वाहन चालक इस गड्ढे से पहले से ही परिचित थे वह तो निकल गए और जो नए वाहन चालक थे वह इसमें फंसते गए। वीरवार को 18 वाहन इस गड्ढे में फंसे। अब जल शक्ति विभाग ने इस गड्ढे को सही करने का कार्य शुरू कर दिया है। जब तक यह गड्ढा सही नहीं होता है तब तक यहां पर वाहन वन वे ही चलता रहेगा।
यातायात प्रभारी गुरमीत ने यहां पर दूसरी लेन से वाहनों को चलाने के लिए रोक-रोक कर वाहनों को भेजा गया। जिससे काफी धीमी गति से वाहन निकले। शाम पांच बजे कार को तो निकाल दिया था। लेकिन जल शक्ति विभाग के कर्मचारी इसे ठीक करने में लगे हैं। जिससे अभी भी वाहन वन वे ही चल रहे हैं। यातायात प्रभारी गुरमीत ने बताया कि जब तक चैंबर का कार्य सुचारू नहीं होता तब तक वाहन वन वे रखे जाएंगे। यहां पर दोनों ओर पुलिस जवान को तैनात किया गया है।