बिलासपुर से आई टीम ने क्षेत्रीय अस्पताल में कायाकल्प का किया निरीक्षण
टीम ने रिकॉर्ड खंगाला, वार्ड में बाहर रखे सामान पर जताई नाराजगी
मरीजों से बात कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में रिपोर्ट की तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में वार्डों में सीलन और इंजेक्शन डिस्पोजर मशीन पर कायाकल्प का निरीक्षण करने आई टीम ने सवाल खड़े किए हैं। टीम ने मौके पर टीका लगाने के बाद कैसे डिस्पोज किया जा रहा है इसके बारे में पता लगाया। क्षेत्रीय अस्पताल में शनिवार को बिलासपुर से आई जिला कंसल्टेंट डॉ. काजल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पारुल की टीम ने कायाकल्प का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल का रिकॉर्ड भी खंगाला है। इसी के साथ प्रत्येक वार्ड, कक्ष, एक्सरे रूम, आपातकालीन कक्ष समेत अन्य जगहों का निरीक्षण किया। यह जांच कायाकल्प के मानकों के अनुसार की गई है।
आपातकालीन कक्ष के समीप इंजेक्शन लगाने वाले कक्ष के बाहर भीड़ और स्टाफ की कमी पर भी टीम ने चिंता व्यक्त की। इसी के साथ अस्पताल के वार्डों में सीलन पर भी नाराजगी जताई। आपातकालीन कक्ष और वार्ड में भर्ती मरीजों से टीम ने बातचीत भी की व उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पता लगाया। वार्डों में खिड़कियों और दरवाजों तक की टीम ने जांच की है। साथ ही शिशु वार्ड में भी रखे गए रिकॉर्ड की भी जांच की। कायाकल्प की टीम ने अस्पताल में पूर्वाह्न 11.00 बजे निरीक्षण करना शुरू किया। टीम ने शौचालय तक का निरीक्षण किया। एक मरीज ने टीम को बताया कि आपातकालीन कक्ष के पास शौचालय में काफी गंदगी रहती है। महिला व पुरुष के लिए एक ही शौचालय है । इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, जैसे ही टीम मेडिसिन वार्ड में पहुंची तो वहां रखे गए कूड़ेदान को लेकर सवाल खड़े कर दिए। गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल में कायाकल्प में एक बार पुरस्कृत भी किया जा चुका है। अब फिर कायाकल्प का निरीक्षण हुआ है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को टीम सौंपेगी। इसके बाद पता लगेगा कि क्षेत्रीय अस्पताल कायाकल्प के कितने मानकों पर खरा उतरा है। इसके लिए क्षेत्रीय अस्पताल को रेंकिंग भी मिलेगी।
इनसेट
क्या है कायाकल्प
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से स्वच्छ भारत अभियान के तहत कायाकल्प की पहल शुरू की गई है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है। यह उन स्वास्थ्य सुविधाओं को पुरस्कृत करती है जो स्वच्छता के उच्च मानक हासिल करती हैं, जिससे स्वस्थ वातावरण और व्यवहार को बढ़ावा मिलता है।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में कायाकल्प की टीम ने निरीक्षण किया है। टीम रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपेगी। -डॉ. राकेश पंवार
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन