लंबित ऑडिट पैरा पर कार्यवाही कर रिपोर्ट एक माह में मांगी
नौणी विश्वविद्यालय में हुई स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति ने सभापति एवं विधायक संजय रत्न के नेतृत्व में नौणी विवि बैठक आयोजित की। समिति ने नौणी विवि के बारे में प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
सभापति ने कहा कि विवि किसानों-बागवानों के लिए कार्यांवित की जा रही योजनाओं और विभिन्न फलों की तैयार नई किस्मों के बारे में किसानों-बागवानों को बड़े स्तर पर जानकारी दें ताकि इनके माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत किया जा सके।
समिति ने कहा कि विवि के वैज्ञानिक न केवल स्वयं खेत तक पहुंचे अपितु विवि में अध्ययनरत छात्रों को सूचना, शिक्षा और संप्रेषण कार्य में प्रयुक्त करें। समिति ने विवि के वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों-बागवानों को फल इत्यादि की नई किस्मों और उन्नत तकनीक की जानकारी दें।
समिति ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़कर लाभांवित हो सकें। विवि को निर्देश दिए गए कि सेब के साथ-साथ हिमाचल की जलवायु के अनुरूप अन्य फलों की बेहतर किस्में तैयार करने के लिए समुचित अनुसंधान करें। समिति ने प्रदेश सरकार द्वारा विवि को दिया जा रहे अनुदान का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में लंबित लेखा पैरों की आपत्तियों को निपटाने और विभिन्न स्तरों पर हो रही अनियमितताओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
समिति ने नौणी विवि के लंबित ऑडिट पैरों की उचित कार्यवाही कर रिपोर्ट एक माह के भीतर समिति को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। विवि के कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने समिति को विश्वास दिलाया कि उनके निर्देशों का समुचित पालन किया जाएगा। समिति ने इसके उपरांत जटोली मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुखी जीवन की कामना की। समिति ने इसके उपरांत बघाट अर्बन सहकारी बैंक पहुंचकर बैंक के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उचित निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर समिति के सदस्य एवं विधायक डॉ. हंसराज, कुलदीप सिंह राठौर, विवेक शर्मा, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित नौणी विवि के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।