एमएसएमई टैक्नोलोजी सेंटर में उद्योगपति प्रशिक्षुओं के साथ- स्रोत- संस्थान
एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में उद्योग प्रतिनिधियों ने किया छात्रों से संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी स्थित एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में विभिन्न उद्योगों एवं संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने दौरा किया। प्रतिनिधियों ने सेंटर की प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक मशीनों और चल रहे तकनीकी पाठ्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने और उन्हें उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में अवगत कराया। उद्योग प्रतिनिधियों को सेंटर में उपलब्ध जॉब वर्क सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में विभिन्न प्रकार के मैन्युफैक्चरिंग, मशीनिंग, टूलिंग एवं प्रोटोटाइप से संबंधित जॉब वर्क कार्य उद्योगों के लिए किए जाते हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों को तकनीकी सहयोग मिलता है और विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है।
विद्यार्थियों के साथ हुई बातचीत में उद्योगों की आवश्यकताओं, तकनीकी कौशल और रोजगार संभावनाओं पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षण के प्रति उत्साह व्यक्त किया। उद्यमियों ने एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर की ओर से युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान करने तथा उद्योगों को जॉब वर्क के माध्यम से तकनीकी सहयोग देने के प्रयासों की सराहना की। ऐसे कार्यक्रम उद्योग और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। सेंटर प्रबंधन ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे दौरों से विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है और उन्हें अपने करियर के लिए नई दिशा प्राप्त होती है।
इस अवसर पर उद्यमी अरुण रावत, संजय बसीन, नरेश कुमार, सागर कपूर, रमन शर्मा, राजन शर्मा, रमाकांत शर्मा, राजेश बंसल और विपिन गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।