आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश, पुलिस रिमांड पर लिया
जिला सोलन के क्लीन क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत का मामला
महिला के परिजनों ने पति पर लगाया था हत्या करने का आरोप
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति को लिया था हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय सोलन के क्लीन में महिला की संदिग्ध मौत का खुलासा हो गया है। जिसमें हत्यारा पति ही निकला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया है। जिसमें पुलिस आरोपी से हत्या करने के कारणों की पूछताछ कर रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार महिला की मौत के बाद परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया था। जिसको लेकर परिजनों ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के बाहर भी हंगामा किया था। इसकी शिकायत पुलिस को भी दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिसमें पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अश्वनी कुमार निवासी क्लीन सोलन को हिरासत में लिया था। जिससे पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। जिससे हत्या करने के कारणों की पूछताछ की जा रही है।