परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन, शाखा नालागढ़ की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन, शाखा नालागढ़ की मासिक बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष जगतार सिंह राणा ने की। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के रवैये पर रोष जताते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। संगठन द्वारा पारित प्रस्ताव में जोर दिया गया कि पेंशनरों को हर माह समय पर पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए स्थायी नीति बनाई जाए।
पेंशनरों ने कहा कि वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान के आधार पर 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) अभी तक जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को इसका लाभ मिल चुका है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारी इससे अब भी वंचित हैं। पेंशनरों ने इसे सरासर अन्याय बताते हुए तत्काल भुगतान की मांग की।
बैठक में जगतार सिंह राणा, श्याम लाल शर्मा, बचन सिंह, खुशहाल सिंह, बलवीर सिंह, शिंगारा सिंह, बुधराम, मुख्तयार सिंह, अजीत सिंह, राजेंद्र कुमार, जीत सिंह, हरिचंद, नज़ामदीन, गुरचरण सिंह, जयपाल, चरण सिंह, रविंद्र सिंह, प्रेम सिंह, भगत राम, रत्न लाल, रघुवीर दयाल, जगत राम, सुभाष चंद्र, संगत सिंह, सुच्चा सिंह और केवल चंद सहित कई पेंशनर मौजूद रहे।
इलाज के लिए भटक रहे बुजुर्ग पेंशनर
बैठक में चिकित्सा बिलों के लंबे समय से अटके होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि कई पेंशनर गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं और उन्हें इलाज का खर्च अपनी जेब से वहन करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबित मेडिकल बिलों का तुरंत निपटारा किया जाना बेहद जरूरी है। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो मामले को उच्च अधिकारियों और सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।