स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
सुबह रवाना होते ही बंद हुई बस, लोगों का धक्का भी नहीं आया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल(सोलन)। सोलन से टिक्कर वाया चायल चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन डिपो की बस वीरवार सुबह रास्ते में ही तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि यह बस लगभग 10 दिनों के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को ही दोबारा इस रूट पर भेजी गई थी। बस के अचानक खराब होने से स्कूली बच्चों, स्थानीय ग्रामीणों और कंडाघाट व सोलन जाने वाले दैनिक यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बस वीरवार सुबह करीब 8:45 बजे टिक्कर से सोलन की ओर रवाना हुई थी। अभी बस टिक्कर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी कि अचानक बंद हो गई। चालक, परिचालक और यात्रियों ने मिलकर बस को धक्का लगाकर दोबारा चालू करने का पुरजोर प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण सभी प्रयास पूरी तरह विफल रहे। इस दौरान बस खराब होने की वजह से कई स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी पढ़ाई का नुकसान हुआ। वहीं कंडाघाट और सोलन जरूरी काम से जाने वाले अन्य यात्रियों को मजबूरन महंगे किराए पर टैक्सियां करके अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इसके अलावा क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश ने फंसे हुए यात्रियों और बच्चों की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ा दीं।
इनसेट
ग्रामीणों ने जताया रोष, फिट बसें भेजने की मांग
इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीणों शक्त राम शर्मा, मेहर सिंह, प्रीतम, वेद प्रकाश और चरण दास सहित अन्य लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले ही यह बस 10 दिन तक बंद रही और जब इसे चलाया गया, तो बिना पूरी जांच के खटारा बस रूट पर भेज दी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस महत्वपूर्ण ग्रामीण रूट पर तकनीकी रूप से पूरी तरह दुरुस्त और फिट बसें ही भेजी जाएं, ताकि स्कूली बच्चों और आम जनता को बार-बार होने वाली इस मानसिक और आर्थिक परेशानी से निजात मिल सके।