मिड-डे मील योजना की प्रदेश और केंद्र स्तर पर की जा रही मॉनिट्रिंग
सभी सरकारी स्कूल के एमडीएम प्रभारी को रोजाना देनी होगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्कूलों में मिलने वाले दोपहर के भोजन को कितने विद्यार्थियों ने खाया और कितने अनुपस्थित रहे इसकी जानकारी एमडीएम प्रभारी को ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। इसमें प्रभारी को खाना खाने वाले बच्चों की जानकारी टोल फ्री नंबर 15544 पर एसएमएस से साझा करनी अनिवार्य की गई है।
एमडीएम के जिला नोडल अधिकारी राज कुमार पराशर की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सही जानकारी देने के भी निर्देश दिए। इसमें सभी स्कूलों में गठित एमडीएम प्रभारियों को एसएमएस से मिड डे मील में कितने विद्यार्थियों ने खाना खाया, कितने अनुपस्थित रहे और कितने बच्चों ने स्कूल में रहकर खाना नहीं खाया इसकी जानकारी देनी होगी।
इसकी मॉनिटरिंग प्रदेश और केंद्र स्तर पर की जा रही है। एसएमएस से यह जानकारी आला अधिकारियों के पास भी रहेगी। इससे फर्जी आंकड़ों पर अंकुश लगेगा।
बताया जा रहा है कि कई स्कूल प्रभारी मनमर्जी से रजिस्टर में मिड-डे-मील के लाभार्थियों की संख्या लिख देते हैं। अब एसएमएस पर आंकड़े आने के बाद शिक्षा विभाग स्कूल का औचक निरीक्षण भी करेगा जिसमें देखेगा कि जितनी संख्या बताई गई है, उसके मुताबिक विद्यार्थी मौजूद भी रहे या नहीं।