संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। शहर की रिहायशी कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड फेज-3 की रेसिडेंट वेलफेयर सोसायटी की बैठक में विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया है।
सोसायटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कॉलोनी निवासी बीएस सिद्धू, राजेंद्र, बीएस तोमर, डीएस नेगी, डॉ. श्रीकांत, कुलदीप सिंह, मनदीप कौर, डॉ. राजेंद्र सिंह, मनु शर्मा और संजीव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इन सभी पदाधिकारियों ने एकमत से कहा कि हाउसिंग बोर्ड फेज-3 में पिछले कई वर्षों से खुले में सीवरेज बह रहा है। कॉलोनी के पार्कों से लेकर गलियों की हालत बद से बद्दतर हो चुकी है। चारों तरफ गंदगी ही गंदगी होने की वजह से लोगों का जीना दूभर हो चुका है।
इन समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक से लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार बताया जा चुका है लेकिन किसी ने उनकी मांग पर गौर नहीं किया। इसके चलते बहुत से लोग गंदगी की वजह से बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं और परेशान होकर लोग यहां से पलायन कर चुके हैं।
कॉलोनी निवासी डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के पोर्टल पर भी समस्या को रखा। पीएमओ के आदेश प्रदेश के सचिव तक एक महीना पहले पहुंच गए हैं लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
सोसायटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि इन समस्याओं के बारे में उपमंडलाधिकारी को भी बताया जा चुका है। उन्होंने जल शक्ति विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को नोटिस भी दिया है।
सोसायटी ने फैसला लिया है कि अगर 20 सितंबर तक कोई निर्णय नहीं लिया गया तो उसके बाद सभी कॉलोनी निवासी एकत्रित होकर एसडीएम नालागढ़ के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे। उसके बावजूद भी समस्याओं का हल नहीं हुआ तो आमरण अनशन किया जाएगा। साथ ही आने वाले विधानसभा चुनावों का भी बहिष्कार किया जाएगा।