बद्दी के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में चोरों ने कमरे में बिखरे सामान। संवाद
शातिरों ने कमरे का ताला तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ
पीड़ित ने पुलिस को दी मामले की शिकायत, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के फेस दो में दिनदहाड़े शातिरों ने एक मकान का ताला तोड़कर कमरे से नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी सूचना बद्दी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के फेस दो स्थित मकान नंबर 246 में चोरों ने दोपहर बाद निशाना बनाया। किराएदार नेहरू जायसवाल ने बताया कि वह दिन में 2 बजे भोजन करने के बाद अपनी दुकान पर चला गया। दुकान से उनकी पत्नी घर आ गई। उनके पास दो कमरे किराए पर हैं। पत्नी एक कमरे में ताला लगा कर दूसरे कमरे में सो गईं। शाम 5:00 बजे जब वह अपनी पत्नी को बुलाने गया तो कमरे का ताला टूटा देख कर उसके होश उड़ गए। उसने कमरे के अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी का सारा सामान निकाल कर फर्श पर बिखेर दिया और अलमारी में एक छोटा बैग था। जिसमें पैसा व बैंक की कापियां, आधार कार्ड, लाइसेंस आदि रखा हुआ था। लेकिन चोर केवल नकदी लेकर और अन्य सामान फेंककर कर चले गए। उन्होंने बताया कि बद्दी अब सुरक्षित नहीं रह गया है। लोग दिनदहाड़े चोरी करने लग गए हैं। उन्होंने बद्दी के थाना प्रभारी विपिन कुमार को शिकायत पत्र सौंपा है।