नगर परिषद बद्दी ने वर्ष 2016-17 का बजट पारित कर विकास कार्यों को तवज्जो दी है। सड़कों की हालत सुधारने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने तथा स्ट्रीट लाइट सिस्टम चकाचक करने के लिए 6 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। नप ने 94 लाख का लाभ बजट में दिखाया है।
परिषद ने 18 करोड़ 88 लाख रुपये की आय तथा 17 करोड़ 94 लाख रुपये का खर्चा दिखाया है। नप ने बद्दी में हाउस टैक्स वसूलने का भी फैसला लिया है। हालांकि अभी टैक्स की दरें तय नहीं हैं लेकिन नप के मुताबिक इस टैक्स वसूली से करीब 2.80 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। नगर परिषद बद्दी के तहत करीब 1500 घर हैं। लिहाजा अब तय है कि इन लोगों को देर सवेर एक और टैक्स अदा करने के लिए तैयार रहना होगा।
नगर परिषद की बैठक में नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल की अध्यक्षता में हुई है। बैठक में सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि साढ़े तीन करोड़ रुपये रखी है। विद्युत बोर्ड से 90 लाख, नप एरिया में शराब की बिक्री से 15 लाख, तहबाजारी से 20 लाख, पार्किंग, रेन बसेरा, सब्जी मंडी, सामुदायिक भवन और दशहरा ग्राउंड से 15 लाख की प्रस्तावित आय का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा सभी मदों से 18 करोड़ 88 लाख रुपये की आय दर्शाई गई है।
वार्ड नंबर नौ से अवैध कब्जे हटाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। कुछ लोगों ने अवैध रूप से खोखे यहां खोल रखे हैं। इसमें सरेआम मीट बेचा जा रहा है। मानदेय बढ़ाने पर सरकार को धन्यवाद प्रस्ताव भेजा गया लेकिन इसे पंजाब की तर्ज पर बढ़ाने की सदस्यों ने मांग की है। बैठक में तीन लोगों के नक्शे पास किए गए।
कहां कितना होगा खर्च
बजट में खेलकूद पर 25 लाख, स्ट्रीट लाइट, सड़कों, ड्रेनेज सिस्टम पर 6 करोड़, शौचालय निर्माण पर एक करोड़ रुपये, पार्कों के निर्माण पर 50 लाख रुपये, स्लॉटर हाउस पर दस लाख रुपये, नई दुकान और स्टाल तैयार करने के लिए 50 लाख, पौधा रोपण पर पांच लाख, स्वास्थ्य पर पांच लाख, नए वाहन खरीदने पर 85 लाख, लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें खरीदने को 1 लाख, वेतन और भत्तों पर 77 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है।
50 बीघा जमीन पर बनेगा गौ सदन
नप बद्दी और नालागढ़ के संयुक्त प्रयासों से 50 बीघा की जमीन पर गौसदन बनाया जाएगा। इसे बाद में आउट सोर्स पर दे दिया जाएगा। इसके लिए एसडीएम के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में बद्दी और नालागढ़ नप अध्यक्ष, ईओ नप और वेटरनरी चिकित्सक इसके सदस्य होंगे। यह कमेटी जल्द ही जमीन उपलब्ध कराने के बाद गौ सदन का निर्माण कराएगी।
यह रहे मौजूद
नप अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष मोनिका कौशल, बंत सिंह, संदीप सचदेवा, सतबीर सिंह, नरेंद्र दीपा, सुषमा, निर्मला ठाकुर, ईओ अजमेर ठाकुर, शरीफ मोहम्मद और खेमचंद वर्मा ने भाग लिया।