विभाग ने जिले के सभी बीएमओ को जारी किए निर्देश,आवश्यक दवा के स्टॉक की भी देनी होगी जानकारी
विभाग रिपोर्ट के आधार पर अस्पतालों को भेजेगा दवाइयों की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर के अस्पतालों से अब हर दिन ओपीडी की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। वहीं मरीज कौन-कौन सी बीमारी की शिकायत लेकर अस्पताल में पहुंचे थे, उस बारे में भी बताना होगा। इसके लिए विभाग की ओर से जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर गर्मी में होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी विभाग तक जल्द पहुंच सकेगी। मरीजों से संबंधित क्षेत्र में लोगों को भी अर्लट कर विभाग तुरंत आगामी कार्रवाई शुरू करेगा।
विभाग की ओर से सभी अस्पतालों से दवाओं के स्टॉक की रिपोर्ट भी मांगी है। इसमें लू, फूड प्वाइजिंग, पीलिया जैसी बीमारियों की दवाओं का खास ख्याल रखा जाएगा। अस्पतालों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही दवाओं की सप्लाई भेजी जाएगी। इससे आवश्यकता पड़ने से पर अस्पतालों में सभी जरूरी दवाओं के स्टॉक मौजूद रहेंगे। अस्पतालों से मिलने वाली रिपोर्ट के अनुसार ही विभाग दवाओं की सप्लाई भेजेगा। वहीं आवश्यकता होने पर सरकार को भी दवाओं के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे। जिला स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवाड़ ने बताया कि जिले के बद्दी व नालागढ़ के क्षेत्राें में गर्मियों में तापमान सबसे अधिक रहता है। ऐसे में जिले के इन्हीं क्षेत्रों से लू के मामले सामने आने की सबसे अधिक उम्मीद रहती है। हालांकि पिछले वर्ष बीच बीच में होने वाली बारिश के कारण एक भी लू का मामला सामने नहीं आया था। विभाग इन क्षेत्रों में भी पूरी बीमारियों की पूरी जानकारी ले रहा है और समय-समय पर एडवाइजरी भी जारी की जा रही है, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके और बीमारियों के खतरे को कम किया जा रके।
कोट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्मी बढ़ने के कारण होने वाली बीमारियों को फैलने से पहले रोकने के लिए कार्य किया जा रहा है। सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को रोजाना अस्पतालों के ओपीडी की रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। इससे यदि लू जैसी बीमारियां सामने आई, तो संबंधित क्षेत्र में पहले ही लोगों को सचेत कर विभाग तैयारियां शुरू करेगा।
- डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन