कंडाघाट (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के पंचायत चौकीदारों के नियमितीकरण की मांग पर सरकार जल्द फैसला ले सकती है। बुधवार को पंचायत चौकीदार यूनियन हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।
यूनियन ने पंचायत चौकीदारों की सेवाएं स्थायी करने और नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग को नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, 12 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके पंचायत चौकीदारों के नियमितीकरण के संबंध में अधिसूचना जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस आश्वासन से प्रदेशभर के पंचायत चौकीदारों में उम्मीद जगी है। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत चौकीदार लंबे समय से ग्रामीण स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उचित नीति के अभाव में उन्हें नियमितीकरण का लाभ नहीं मिल पाया है। यूनियन ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द औपचारिक अधिसूचना जारी कर चौकीदारों को राहत देगी।