फाइनल में मेजबान महाराष्ट्र को 35-23 के अंतर से हराया
ऊना के सतनाम सिंह बने बेस्ट रेडर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिकल बोर्ड की टीम ने 45वीं आल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीता है। फाइनल में हिमाचल की टीम ने महाराष्ट्र को पराजित किया। ऊना के सतनाम सिंह को बेस्ट रेडर चुना गया।
महाराष्ट्र के पूणे में छत्रपति वीर शिवाजी स्टेडियम में यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 से 31 मई तक हुई, जिसमें देशभर की 20 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच हिमाचल व मेजबान महाराष्ट्र के बीच हुआ। हिमाचल ने महाराष्ट्र को 35-23 से पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा किया। इससे पहले सेमीफाइनल में हिमाचल ने दिल्ली और महाराष्ट्र ने हरियाणा को मात्र दो अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।
हिमाचल के कोच ओपी जस्टा व अनिल ने बताया कि हिमाचल की टीम ने अपने सभी मैच जीते और अच्छा प्रदर्शन किया। टीम में नालागढ़ के सात खिलाड़ी, गुरविंद्र सिंह, गुरसेवक, संदीप, हेमराज, गुरप्रीत, राम गोपाल व संजीव थे। सुरेश व मनीष शिमला जिला व सतनाम सिंह ऊना से थे। सभी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर हिमाचल को ट्राॅफी दिलाई।