सोलन, धर्मपुर, गिरीपुल क्षेत्र में हुई बारिश, किसान खुश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय सोलन शहर समेत आस-पास के कुछ क्षेत्रों में शनिवार सुबह झमाझम बारिश हुई है। जबकि कुछ क्षेत्रों में बादल ही छाए रहे। बारिश के दौरान जहां गर्मी से राहत मिल गई थी। वहीं दोपहर बाद जिले भर में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे। सोलन शहर, सुबाथू, देवठी, धर्मपुर, गिरीपुल, नौणी के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई है। जबकि कुनिहार, अर्की, धर्मपुर, परवाणू, बसाल, धरोट, सुल्तानपुर समेत अन्य क्षेत्रों में धूप खिली रही।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश से किसानों के चेहरे पर रौनक आई है, वहीं लोगों को भी तेज गर्मी से राहत मिली है। इससे तापमान में भी तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में तापमान 38 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। बारिश के कारण यह गिरकर 34-35 डिग्री रह गया। किसानों की माने तो टमाटर, शिमला मिर्च समेत अन्य सब्जियों के साथ फलदार पौधों के लिए यह बारिश बहुत जरूरी है। काफी समय से सूखे के चलते फसलें भी खराब हो रही हैं। बीच में कई बार मौसम तो खराब हो रहा है, लेकिन बारिश नहीं हो रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। यह बारिश फसलों के लिए वरदान साबित हुई है।